October 22, 2026 8:15 pm

पिथौरा में अग्रसेन जयंती की धूम, पूजा-अर्चना के साथ 7 दिवसीय महोत्सव की भव्य शुरुआत

5 से 11 अक्टूबर तक होंगे विविध प्रेरणादायक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक आयोजन

*पिथौरा*। अग्रवाल समाज पिथौरा द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले अग्रसेन जयंती महोत्सव का शुभारंभ 5 अक्टूबर को श्री अग्रसेन भवन में गरिमामय वातावरण में महाराजा अग्रसेन जी की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। समाज के वरिष्ठ संरक्षक राजकुमार सिंघल ने विधिवत पूजा-अर्चना कर महोत्सव का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर राजकुमार सिंघल ने समाजजनों को अग्रसेन जयंती की शुभकामनाएं देते हुए महोत्सव के सभी आयोजनों में अधिक से अधिक सहभागिता करने तथा आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया।

अग्रवाल समाज के अध्यक्ष प्रकाश गोयल ने अपने उद्बोधन में कहा कि अग्रसेन जयंती महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की एकता, संस्कार, सामाजिक चेतना और आपसी सहभागिता को मजबूत करने का अवसर है। महाराजा अग्रसेन जी ने समाज को समानता, सहयोग और परस्पर सम्मान का संदेश दिया। उनके जीवन एवं सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर समाज को आगे बढ़ाना तथा नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली परंपराओं से परिचित कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता में निहित है। जब समाज का प्रत्येक परिवार सामाजिक गतिविधियों से जुड़ता है, तो समाज अधिक सशक्त और संगठित बनता है। अग्रसेन जयंती के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रम इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए रखे गए हैं, ताकि समाज के हर आयु वर्ग को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, एक-दूसरे से जुड़ने और आनंद के साथ सामाजिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का अवसर मिले।

उन्होंने समाज के सभी वर्गों—अग्रबंधुओं, मातृशक्ति, युवाओं एवं बच्चों से महोत्सव के कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही किसी भी आयोजन की सार्थकता और सफलता सुनिश्चित होती है।

5 से 11 अक्टूबर तक समाजजनों के लिए विभिन्न प्रेरणादायक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विविध गतिविधियां रखी गई हैं।

शुभारंभ कार्यक्रम का संचालन कुलदीप अग्रवाल ने किया, जबकि अग्रसेन यूथ क्लब के अध्यक्ष साकेत सिंघल ने आभार प्रदर्शन किया। उन्होंने आयोजन में उपस्थित समाजजनों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

पूजा-अर्चना एवं शुभारंभ कार्यक्रम संक्षिप्त किंतु गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाजजनों में अग्रसेन जयंती महोत्सव को लेकर उत्साह और उमंग का वातावरण देखा जा रहा है ।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें