जनसेवा 24 न्यूज पिथौरा: पिथौरा नगर में SDM कार्यालय से लेकर कॉलेज मार्ग तक लगे छातिम के पेड़ों में इन दिनों फूल आने के बाद तेज गंध की समस्या सामने आ रही है। आसपास के रहवासियों, विद्यार्थियों एवं राहगीरों को विशेष रूप से शाम से सुबह तक दुर्गंध के कारण होने वाली परेशानी से शिकायत के माध्यम से अवगत कराया जाएगा है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि फूल आने के दौरान इन पेड़ों से निकलने वाली तेज गंध के कारण कई लोगों को असहजता महसूस होती है तथा एलर्जी एवं सांस संबंधी संवेदनशीलता वाले लोगों के लिए परेशानी बढ़ सकती है। आमनागरिकों का भी कहना है कि इस समस्या को पिछले लगभग कई वर्षों से प्रशासन के समक्ष उठाया जा रहा है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं मिल पाया है।
नागरिकों ने पिथौरा के नवपदस्थ SDM से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए SDM कार्यालय से कॉलेज तक लगे छातिम के पेड़ों का स्थल निरीक्षण कर उचित समाधान निकालने मांग की है।
नागरिकों का कहना है कि यदि जांच में इन पेड़ों की वजह से लगातार जनस्वास्थ्य एवं सार्वजनिक सुविधा प्रभावित होना पाया जाता है, तो संबंधित विभाग की तकनीकी राय एवं नियमानुसार अनुमति के आधार पर पेड़ों की आवश्यक छंटाई, ऊपरी कटिंग अथवा आवश्यकता होने पर कटाई की कार्रवाई कर आम नागरिकों को इस समाधान से निजात दिलाए।
आमनागरिकों का यह कहना भी स्पष्ट है कि हमारी मांग पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने की नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य और सार्वजनिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए वैज्ञानिक एवं नियमसम्मत समाधान निकालने की है।












