October 22, 2026 9:08 pm

महासमुंद में ‘लक्ष्य महासमुंद’ की शुरुआत, नवोदय, सैनिक व प्रयास स्कूलों की होगी मुफ्त तैयारी

  • अब आर्थिक तंगी नहीं बनेगी बाधा, जिला प्रशासन देगा मुफ्त प्रवेश परीक्षा कोचिंग
  • नवोदय सैनिक और प्रयास स्कूलों में दाखिले के लिए बच्चों को मिलेगी मुफ्त कोचिंग
  • शासकीय स्कूल के बच्चों को मिलेगा समान अवसर
    कलेक्टर की विशेष निगरानी में जिला प्रशासन कराएगा विशेष कोचिंग
  • रटने के बजाय समझने की शक्ति विकसित करने का लक्ष्य
    लक्ष्य महासमुंद के तहत कोचिंग कक्षाओं का संचालन 20 जुलाई से प्रारंभ

महासमुंद 07 जुलाई 2026ग्रामीण अंचलों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के होनहार बच्चों के सपनों को उड़ान देने के लिए जिला प्रशासन ने एक बेहद संवेदनशील और सराहनीय कदम उठाया है। कलेक्टर श्री विनय लंगेह के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हेमंत रमेश नंदनवार के मार्गदर्शन में जिले में ‘‘लक्ष्य महासमुंद’’ कार्यक्रम की शुरुआत की जा रही है। इस विशेष अभियान के तहत जिले के शासकीय स्कूलों में पढ़ने वाले प्रतिभावान बच्चों को देश और प्रदेश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों जवाहर नवोदय विद्यालय, प्रयास आवासीय विद्यालय और सैनिक स्कूल की प्रवेश परीक्षा के लिए पूरी तरह निशुल्क कोचिंग कराई जाएगी।
अक्सर देखा जाता है कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती, लेकिन सही मार्गदर्शन, कोचिंग और संसाधनों के अभाव में वे नवोदय, सैनिक स्कूल या प्रयास जैसे बेहतरीन संस्थानों की चयन परीक्षा पास करने से चूक जाते हैं। निजी कोचिंग संस्थानों की फीस इतनी अधिक होती है कि गरीब व मध्यमवर्गीय परिवार उसे वहन नहीं कर पाते। इसी खाई को पाटने और जिले के बच्चों का भविष्य संवारने के लिए ‘‘लक्ष्य महासमुंद’ कार्यक्रम का खाका तैयार किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री बी.एल. देवांगन ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत कोचिंग का लाभ उठाने कक्षा पांचवीं और आठवीं के सभी बच्चों को लिया जाएगा, जिन्हें ‘‘लक्ष्य महासमुंद’’ के तहत अनुभवी शिक्षकों द्वारा विशेष प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जाएगा। जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा ने बताया कि चयनित बच्चों को प्रवेश परीक्षा के पैटर्न के आधार पर मानसिक योग्यता, गणित, भाषा और सामान्य ज्ञान की गहन तैयारी कराई जाएगी। इसके लिए समय-समय पर मॉक टेस्ट भी लिए जाएंगे ताकि बच्चे मुख्य परीक्षा के माहौल से परिचित हो सकें और उनका आत्मविश्वास बढ़ सके।
जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण
‘‘लक्ष्य महासमुंद’’ के क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हेमंत नंदनवार की उपस्थिति में आयोजित किया गया। जिसमें लक्ष्य महासमुंद के क्रियान्वयन के संबंध में सभी मास्टर ट्रेनर्स को विस्तृत जानकारी देते हुए ब्लॉक के मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण 13 जुलाई को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाइट महासमुंद में तथा 17 जुलाई को समस्त प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शालाओं के शिक्षकों का प्रशिक्षण सेक्टर में आयोजित किया जाएगा। लक्ष्य महासमुंद के तहत कोचिंग कक्षाओं का संचालन 20 जुलाई से प्रारंभ किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में डाइट प्राचार्य अरुण प्रधान, सहायक कार्यक्रम समन्वयक संपा बोस, सुबोध कुमार तिवारी, मास्टर ट्रेनर्स अमित उईके, भोजराज प्रधान, सुरेश साहू, दयासागर नायक, राजाराम पटेल, घनश्याम यादव एवं ओमप्रकाश साव उपस्थित रहे।
सीईओ हेमंत नंदनवार ने कहा कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को तराशना हमारा मुख्य लक्ष्य है। ‘‘लक्ष्य महासमुंद’’ कार्यक्रम के माध्यम से संसाधन की कमी वाले परिवार के बच्चों को हर संभव मदद और सर्वश्रेष्ठ कोचिंग उपलब्ध कराया जाएगा।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें