महासमुंद / पिथौरा। खैर लकड़ी के अवैध परिवहन, तस्करी और फर्जी NOC/बिलिंग के बड़े मामले में महासमुंद पुलिस ने हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, ओडिशा और मध्यप्रदेश तक बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय महासमुंद मिली जानकारी अनुसार पुलिस ने तस्करों से अर्जित 1 करोड़ 70 लाख रुपये नकद और कुल 70 टन अवैध खैर लकड़ी जब्त की है।
क्या है पूरा मामला –
वन परिक्षेत्र अधिकारी पिथौरा की शिकायत पर थाना पिथौरा में दिनांक 09.07.2026 को अपराध क्रमांक 172/2026 दर्ज किया गया था। आरोप था कि 23,350 किग्रा खैर लकड़ी के परिवहन के लिए NTPS NOC में कूटरचना कर फर्जीवाड़ा किया गया। इस पर BNS की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2), 3(5), 111, 25 आर्म्स एक्ट और भारतीय वन अधिनियम 1927 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
हिमाचल और हरियाणा में दबिश –
1. हिमाचल में नकदी जब्त: विशेष टीम ने हिमाचल प्रदेश में तस्कर मनीष अग्रवाल को खैर लकड़ी खपाने में मदद करने वाले ठिकानों पर दबिश दी। वहां से मनीष अग्रवाल और संजय छाबड़िया की तस्करी से कमाई गई 1,70,00,000 रुपये नकद बरामद की गई। इससे पहले 07.09.2026 को मनीष के ग्राम मुड़पार, थाना सरसींवा स्थित मकान से 81 लाख रुपये नकद जब्त किए जा चुके हैं।
2. गुरुग्राम में गोदाम पर छापा: दिनांक 10.10.2026 को हरियाणा के गुरुग्राम जिले के पटौदी तहसील के ग्राम बहोड़ा कलां में स्थित आरोपी की फर्म ‘श्री बालाजी ट्रेडिंग’ के गोदाम में छापा मारा गया। वहां से लगभग 15 टन अवैध खैर लकड़ी जब्त की गई।
पुलिस अब तक ओडिशा, मध्यप्रदेश, हरियाणा और हिमाचल के विभिन्न ठिकानों से कुल 70 टन खैर लकड़ी जब्त कर चुकी है।
फर्जी बिलिंग सिंडिकेट का सदस्य गिरफ्तार –
इस मामले में अंतरराज्यीय फर्जी बिलिंग सिंडिकेट के सक्रिय सदस्य सतपाल सिंह (उम्र 67 वर्ष, संचालक – शिव ट्रेडर्स) को जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश के कालाअंब से दिनांक 12.10.2026 को गिरफ्तार किया गया।
जांच में खुलासा हुआ कि सतपाल सिंह ने अखिलेश सिंघल, पारितोष मिश्रा, मनीष अग्रवाल, संजय छाबड़िया के साथ मिलकर षड्यंत्र रचा। बिना माल की आपूर्ति के ही शैल फर्मों से फर्जी बिल लिए गए और उन्हें वैध दिखाने के लिए वन विभाग के फर्जी ट्रांजिट पास और HSN कोड का दुरुपयोग किया गया। पिछले 3 साल में फर्जी बिलों को वैध दिखाने के लिए बैंक खातों से करोड़ों का लेन-देन किया गया।
आरोपी को नाहन कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड लेकर महासमुंद लाया गया है और न्यायिक रिमांड के लिए कोर्ट में पेश किया जा रहा है। पुलिस BNSS की धारा 107 के तहत अवैध नकदी की कुर्की की कार्रवाई भी कर रही है।
अब तक गिरफ्तार आरोपी –
1. सतपाल सिंह – शिव ट्रेडर्स, सिरमौर (HP) – 12.10.2026
2. मनीष अग्रवाल – मूडपहार, सरसींवा – 03.09.2026
3. पारितोष मिश्रा – पीयूष इंटरप्राइजेस, बोलांगीर (ओडिशा) – 14.09.2026
4. अखिलेश सिंघल – सिंघल इंटरप्राइजेस, संबलपुर (ओडिशा) – 14.09.2026
पुलिस की विवेचना और कार्रवाई जारी है।











