फर्जी नेशनल परमिट पर RTO की नकली सील और हस्ताक्षर कर शासन को लगाया था चूना, तकनीकी जांच के आधार पर हुई गिरफ्तारी।
जनसेवा 24 न्यूज महासमुंद/ महासमुंद पुलिस ने वर्ष 2020 के धोखाधड़ी के मामले में 6 साल से फरार आरोपी सतनाम सिंह को पंजाब से गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रेलर वाहन का मालिक है और मामला दर्ज होने के बाद से फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2020 को खम्हारपाली चेक पोस्ट में ट्रेलर वाहन क्रमांक CG 04 JD 1539 की जांच के दौरान उसके नेशनल परमिट के दस्तावेज संदिग्ध पाए गए। जांच में पता चला कि पुराने नेशनल परमिट पर आरटीओ रायपुर की फर्जी सील और अधिकारी के नकली हस्ताक्षर कर दस्तावेज तैयार किए गए थे। इन फर्जी दस्तावेजों के जरिए शासन को धोखा देने की कोशिश की गई थी।
इस मामले में थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 66/2020 के तहत धोखाधड़ी और कूटरचना की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद वाहन चालक और मालिक दोनों फरार हो गए थे।
महासमुंद पुलिस ने तकनीकी जांच, कॉल डिटेल (CDR) और लोकेशन ट्रैकिंग की मदद से आरोपी सतनाम सिंह का पता लगाया। पुलिस टीम ने उसे पंजाब से गिरफ्तार कर महासमुंद लाया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले का दूसरा आरोपी चालक अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।












