October 22, 2026 10:02 pm

महासमुन्द ज़िला यूनियन में तेंदूपत्ता सीजन 2026 का संग्रहण कार्य प्रारंभ

91,300 मानक बोरा लक्ष्य, गुणवत्ता पर सख्त निगरानी
44,900 संग्राहक परिवारों को मिलेगा सीधा लाभ
महासमुंद ज़िला यूनियन के अंतर्गत तेंदूपत्ता संग्रहण वर्ष 2026 का कार्य दिनांक 03 मई 2026 से सुचारु रूप से प्रारंभ हो चुका है। इस वर्ष कुल संग्रहण लक्ष्य 91,300 मानक बोरा निर्धारित किया गया है। दिनांक 04 मई 2026 तक 13,814.570 मानक बोरा तेंदूपत्ता का संग्रहण किया जा चुका है, जो प्रारंभिक चरण में संतोषजनक प्रगति को दर्शाता है।
ज़िला यूनियन के प्रबंध संचालक मयंक पांडेय के कुशल मार्गदर्शन एवं निरंतर मॉनिटरिंग के चलते तेंदूपत्ते का संग्रहण उच्च गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है। वनमंडल के समस्त उपवनमंडल अधिकारी एवं परिक्षेत्र अधिकारीगण द्वारा नियमित रूप से फड़ों का निरीक्षण किया जा रहा है, जिससे तेंदूपत्ते की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी न आए।

इस वर्ष महासमुंद ज़िला यूनियन के अंतर्गत 75 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के माध्यम से 786 तेंदूपत्ता फड़ों में लगभग 44,900 संग्राहक परिवार सक्रिय रूप से संग्रहण कार्य में संलग्न हैं। इस वर्ष तेंदूपत्ता का निर्धारित पारिश्रमिक 5,500 प्रति मानक बोरा है, जिससे संग्राहकों को बेहतर आर्थिक लाभ प्राप्त होगा।
उपवनमंडल अधिकारी महासमुंद गोविंद सिंह ने बताया कि इस वर्ष तेंदूपत्ते की गुणवत्ता अत्यंत उत्तम है तथा मौसम भी संग्रहण के लिए पूरी तरह अनुकूल बना हुआ है। यदि निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति होती है, तो लगभग 44,900 संग्राहक परिवारों के मुखियाओं के निजी बैंक खातों में कुल 50.21 करोड़ (लगभग) की राशि सीधे अंतरित की जाएगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

 

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें