पिथौरा। अवैध शराब के खिलाफ महासमुंद जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत पिथौरा पुलिस ने ग्राम किशनपुर के कंतरा नाला के पास दबिश देकर 50 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त किए। पुलिस ने मौके से सुखराम बरिहा (45 वर्ष), निवासी कुरकुटी, थाना राजादेवरी, जिला बलौदाबाजार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार, 3 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंतरा नाला के पास कुछ लोग अवैध रूप से महुआ शराब बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। पुलिस की भनक लगते ही तीन लोग मौके से फरार हो गए, जबकि सुखराम बरिहा पुलिस के हाथ लग गया। मौके से 50 लीटर महुआ शराब कीमत करीब 10 हजार रुपये तथा शराब बनाने के दो बर्तन कीमत करीब 3 हजार रुपये, कुल 13 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नारायण राणा उर्फ बाबू, मिलन बारिक और गोविन्द गोड, सभी निवासी किशनपुर, के साथ मिलकर महुआ शराब बनाने में शामिल था। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 220/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश और मामले की जांच जारी है। आरोपी सुखराम बरिहा को रिमांड पर भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी-
01- सुखराम बरिहा पिता चमरूराम बरिहा उम्र 45 साल साकिन कुरकुटी थाना राजादेवरी जिला बालौदाबाजार (छ.ग.)













