18 स्थायी और 29 गिरफ्तारी वारंट का किया गया निष्पादन, जिलेभर में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
महासमुंद। अपराध नियंत्रण एवं फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए महासमुंद पुलिस द्वारा 01 सितंबर से 07 सितंबर 2026 तक चलाए जा रहे विशेष “सर्च मुहिम” अभियान के तहत 03 सितंबर को बड़ी कार्रवाई की गई। जिला पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष टीमें गठित कर कार्रवाई करते हुए कुल 47 वारंटियों को पकड़कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए वारंटियों में 18 स्थायी वारंटी तथा 29 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान स्थानीय न्यायालयों द्वारा जारी विभिन्न वारंटों का निष्पादन किया गया।
थाना स्तर पर हुई कार्रवाई
पुलिस की जानकारी के अनुसार-
- बसना थाना: 02 स्थायी एवं 11 गिरफ्तारी वारंट सहित 13 वारंटी
- बागबाहरा थाना: 01 स्थायी एवं 02 गिरफ्तारी वारंट सहित 03 वारंटी
- पिथौरा थाना: 07 गिरफ्तारी वारंटी
- सांकरा थाना: 03 गिरफ्तारी वारंटी
- सिंघोड़ा थाना: 01 स्थायी वारंटी
- सरायपाली थाना: 10 स्थायी वारंटी
- पटेवा थाना: 03 गिरफ्तारी वारंटी
- कोमाखान थाना: 03 गिरफ्तारी वारंटी
- महासमुंद थाना: 02 स्थायी वारंटी
- बलौदा थाना: 02 स्थायी वारंटी
फरार वारंटियों पर पुलिस की नजर
महासमुंद पुलिस ने बताया कि माननीय न्यायालयों द्वारा जारी स्थायी, गिरफ्तारी, जमानती वारंट एवं समनों पर त्वरित कार्रवाई के लिए थाना स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया है। अभियान का उद्देश्य लंबे समय से फरार वारंटियों की धरपकड़ कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करना तथा जिले में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध नियंत्रण और फरार आरोपियों की धरपकड़ का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त एवं न्यायालयीन कार्रवाई से बच रहे लोगों पर पुलिस की निगरानी लगातार बनी हुई है।












