पिथौरा। ग्राम पंचायत ठाकुरदिया खुर्द में 3 जुलाई को प्रस्तावित अविश्वास प्रस्ताव के मतदान से पहले वार्ड क्रमांक 2 के पंच केशव राम सिन्हा (पिता गोसाईं) की उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के घूरपुर थाना क्षेत्र में ढाबा के पास सड़क दुर्घटना में हुई मौत से क्षेत्र में शोक के साथ-साथ राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है।
घटना को लेकर वर्तमान सरपंच मनोज सिन्हा ने गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पंच को अपने साथ ले जाने वाले अजय नायक ने दुर्घटना को सामान्य सड़क हादसा बताया है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत ठाकुरदिया खुर्द में अविश्वास प्रस्ताव की तिथि घोषित होने के बाद से पंचायत में राजनीतिक गतिविधियां तेज थीं। विभिन्न पक्ष अपने-अपने समर्थन में पंचों से संपर्क कर रहे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों के साथ पंच केशव राम सिन्हा भी अयोध्या दर्शन के लिए गए थे।

सरपंच का आरोप: जबरन ले जाकर मतदान प्रभावित करने की साजिश
वर्तमान सरपंच मनोज सिन्हा का आरोप है कि विपक्षी खेमे से जुड़े अजय नायक एवं उनके साथियों ने केशव राम सिन्हा को उनकी इच्छा के विरुद्ध अपने साथ ले जाकर अविश्वास प्रस्ताव के मतदान को प्रभावित करने की कोशिश की।
सरपंच का दावा है कि घटना से एक दिन पहले उनकी केशव राम सिन्हा से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर बताया था कि उन्हें जबरदस्ती अपने साथ ले जाया गया है और वे 2 जुलाई तक लौटने का प्रयास करेंगे। सरपंच के अनुसार, केशव राम ने यह भी कहा था कि यदि वे समय पर वापस नहीं लौटें तो पुलिस को सूचना दी जाए।
इन परिस्थितियों को आधार बनाते हुए सरपंच ने मामले में कथित किडनैपिंग एवं साजिश की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
दूसरा पक्ष: सड़क पार करते समय ऑटो की टक्कर से हादसा
पक्ष दूसरा अजय नायक से फोन के माध्यम से चर्चा पर बताया कि वे कुछ ठाकुरदिया ग्रामीणों एवं पंच केशव राम सिन्हा के साथ अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए जा रहे थे। उनके अनुसार, सोमवार रात प्रयागराज जिले के घूरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरंगापुर स्थित ढाबे पर भोजन के लिए वाहन रोका गया। भोजन के दौरान केशव राम के मोबाइल पर किसी का फोन आया। बातचीत करते हुए वे सड़क की ओर बढ़े, तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार ऑटो ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें तत्काल एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। और ये उक्त घटना सीसीटीवी के कैमरे में कैद है।
यूपी पुलिस कर रही वैधानिक कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हो गए हैं। घूरपुर थाना क्षेत्र की पुलिस द्वारा पंचनामा, पोस्टमार्टम तथा अन्य वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।
इधर ठाकुर दिया खुर्द में इस घटना को लेकर गांव में शोक का माहौल है। सरपंच एवं मृतक के परिजनों ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
वीडियो संलग्न












