सागौन प्लांट के पास खेत में छापेमारी, आरोपी गिरफ्तार; 35 हजार रुपये की संपत्ति जब्त
पिथौरा/ अवैध शराब निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिथौरा पुलिस ने ग्राम सुखीपाली में बड़ी कार्रवाई करते हुए 150 लीटर अवैध हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण भी बरामद किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर थाना पिथौरा की विशेष टीम ने तड़के सागौन प्लांट के समीप खेत में दबिश दी। घेराबंदी के दौरान आरोपी अग्नि कुमार रात्रे अवैध रूप से महुआ शराब बनाते हुए मिला।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 32 हजार रुपये मूल्य की 150 लीटर महुआ शराब तथा 3 हजार रुपये मूल्य के दो बर्तन जब्त किए। कुल 35 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।













